Wednesday, May 6, 2026

कंकाल की गवाही

//कंकाल की गवाही//

वे उद्घोष कर रहे थे
राष्ट्र उत्कर्ष की पराकाष्ठा पर है
विश्वगुरु का मुकुट
अब बस धारण होने ही को है
वाणी में विजयों का उन्माद था,
आँकड़ों में स्वर्णिम प्रभात।
और उसी क्षण
धरती की निस्तब्ध गोद में
एक कब्र का मौन भंग हुआ,
जहाँ एक भ्राता
अपनी भगिनी की अस्थियों में
पहचान का प्रमाण खोज रहा था।
विधान की वाणी आई
नियम अटल हैं, अनिवार्य हैं।

नियम
जो मानवीय करुणा के कंठ पर
निर्दयता से आरोपित हो गए,
और दफ्तरों की निर्जीव श्रृंखलाओं में
एक जीवित वेदना
अदृश्य कर दी गई।
वह राशि
केवल उन्नीस हज़ार तीन सौ नहीं थी,
वह उसके दैन्य का संचित इतिहास थी,
अभावों की अभिलिखित वेदना थी,
जीवन के उपेक्षित अधिकारों का
एक लघु परंतु तीक्ष्ण उद्घोष।

पर यहाँ
अश्रु का कोई प्रलेखन नहीं,
पीड़ा का कोई अभिलेख नहीं
यहाँ मृतक को भी
अपने अस्तित्व का प्रमाणीकरण
दस्तावेज़ों की शुष्क भाषा में करना होता है।

कितनी विडंबना है !
एक ओर राष्ट्र महाशक्ति की
उद्घोषणा में निमग्न है,
और दूसरी ओर
एक भ्राता
अपनी भगिनी के कंकाल को
प्रमाण-पत्र बना
कंधों पर वहन कर रहा है।

वह कंधा
जो कभी स्नेह और संरक्षण का आश्वासन था,
आज अस्थियों का भार उठा
सभ्यता के मुख पर
मौन परंतु तीव्र प्रहार कर रहा है।
प्रश्न नियमों का नहीं
प्रश्न संवेदना का है;
प्रश्न प्रक्रिया का नहीं
प्रश्न मनुष्यता का है।
जब मनुष्य
कब्र की निस्तब्धता भंग कर
प्रणाली के द्वार पर उपस्थित हो,
तब यह मान लेना चाहिए
कि व्यवस्था का प्राणतत्त्व
पूर्व ही कहीं विलुप्त हो चुका है।
यह विकास नहीं
यह संवेदनशून्यता का चरम है,
जहाँ गणनायंत्रों की गति
हृदय की धड़कनों पर अधिपत्य कर चुकी है।
और जब इतिहास
इस कालखंड का लेखा लिखेगा,
तो यह दृश्य प्रश्न करेगा
महानता किसे कहोगे ?
उस राष्ट्र को
जो आकाश में विजय-पताका फहराता है,
या उस भ्राता को
जो भगिनी की अस्थियों में
न्याय की याचना करता है ?
क्योंकि सत्य यही है
यहाँ दरिद्र
मृत्यु के पश्चात भी
सम्मान का अधिकारी नहीं होता,
वह केवल
एक और दस्तावेज़ में
परिवर्तित कर दिया जाता है।

      - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...