Wednesday, May 6, 2026

ईश्वर का स्पर्श

तुम्हारी आस्था 
अभी तपकर सत्य नहीं बनी,
वह केवल तुम्हारे अहंकार का 
अलंकृत आवरण है।
तुम्हारा ईश्वर 
अभी मुक्त आकाश का अनन्त प्रकाश नहीं,
तुम्हारे ‘मैं’ की दीवारों में कैद
एक प्रतिध्वनि मात्र है।

तुम उसे शंखध्वनियों में खोजते हो,
मंदिरों की दीपमालाओं में पुकारते हो,
जयघोषों के उन्मत्त शोर में 
उसका नाम दोहराते हो,
किन्तु अपने ही अंतर्मन के गर्भगृह में
जहाँ सबसे पहले दीप जलना चाहिए था,
वहाँ तुम्हारा अहं
सिंहासनारूढ़ बैठा है।

तुम्हारी वाणी भले विनय का अभिनय कर ले,
पर तुम्हारी दृष्टि अब भी स्वयं को
शिखर से नीचे उतरने नहीं देती।
और जब तक मनुष्य
अपने ही अस्तित्व की ऊँचाइयों से मोहित रहेगा,
तब तक ईश्वर उसके लिए
केवल एक कल्पना रहेगा
अनुभूति नहीं।

ईश्वर की ओर जाने वाले पथ
न तो कर्मकांडों की भीड़ से निकलते हैं,
न घोषणाओं के कोलाहल से।
वे तो भीतर उतरती हुई
उस शांत नदी की तरह हैं
जो बिना शब्द किए
समुद्र तक पहुँच जाती है।
ईश्वर प्राप्ति का प्रथम विधान
न विद्वत्ता है, न उपासना, न व्रत, न अनुष्ठान
वह है अपने भीतर जमे
अहंकार के हिमखंड का पिघलना।

जिस दिन तुम्हारा ‘मैं’
अपने ही भार से टूटकर बिखर जाएगा,
उसी दिन तुम्हारे भीतर
एक अदृश्य मौन जन्म लेगा
निर्मल, निष्कलुष, निर्विकार।
और संभव है,
उसी मौन की अथाह गहराइयों में
पहली बार
तुम्हें ईश्वर का स्पर्श प्राप्त हो।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत' 

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...