धनुष उठाए खड़े हैं
वन की धूल,
आकाश की गर्जना,
और समय की टूटती हुई नसों के बीच।
उधर रावण है
जिसकी जिह्वा पर भी “राम” है,
पर हाथों में छल,
नेत्रों में सत्ता का मद,
और चरणों तले कुचला हुआ धर्म।
वह राम का नाम लेकर
अधर्म का साम्राज्य रच रहा है,
मानो प्रकाश की लौ से
अँधेरे की दीवारें खड़ी कर दी गई हों।
यह कैसी विडम्बना है
राम और रावण के इस संघर्ष में
रावण की सबसे बड़ी शक्ति
स्वयं राम का नाम बन गया है।
और तब
रणभूमि के मध्य
राम अकेले दिखाई देते हैं।
न जयघोष,
न भीड़,
न स्वर्णिम सिंहासन।
केवल एक मनुष्य
अटल,
अडिग,
अपने ही नाम के बिना।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment