Wednesday, May 6, 2026

राम आचरण हैं

//राम नाम नहीं आचरण हैं//

मेरे तन में हैं राम,
मेरे मन में हैं राम,
मेरे कण-कण में राम
झूठ… सरासर झूठ।
छल है, दिखावा है।

जब अन्याय के विरुद्ध
तुम खड़े हुए ही नहीं,
कभी किसी और के लिए
लड़े ही नहीं,
अपने सुख का
त्याग किया ही नहीं
तो किस अधिकार से कहते हो
कि तुममें राम हैं?

राम तुम्हारे
झूठे संतोष में नहीं,
तुम्हारे अहंकार की
तृप्ति में नहीं बसते।
वे भजन के मधुर सुरों में
छिपे क्षणिक आनंद नहीं,
कि आँख मूँदकर
तुम उन्हें पा लोगे।

राम मिलते हैं वहाँ
जहाँ संघर्ष होता है,
जहाँ अन्याय के विरुद्ध
धनुष उठाया जाता है,
जहाँ एक योद्धा
धर्म के लिए खड़ा होता है।

अपने ही कष्टों से भयभीत होकर
किसी अदृश्य शक्ति को पुकारना
राम का सुमिरन नहीं,
सिर्फ पलायन है।
राम नाम नहीं,
आचरण हैं।

- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...