Tuesday, May 5, 2026

हकीकत

जब कल्पना करने की शक्ति मिली,
उन्होंने रचे आकाश छूते स्वप्न
रोमांच के, 
हैरत के, चमत्कार के।
उन्होंने गढ़ी मर्यादा की चरम सीमाएँ,
वीरता के अडिग शिखर,
नैतिकता के कठोर विधान,
धर्म के उजले, निष्कलंक चेहरे।

उन्होंने बुनी कथाएँ
अतिशय प्रेम की,
असीम त्याग की,
जहाँ मनुष्य स्वयं से बड़ा हो जाता था।
और फिर
उन्होंने गढ़ा देवत्व,
अपने ही स्वप्नों की ऊँचाइयों से,
अपने ही भय की गहराइयों से।

वो कल्पनाओं में जीते रहे,
कल्पनाओं में मरते रहे,
और एक दिन
अनजाने ही, 
चुपचाप
कल्पना को ही हकीकत मान बैठे।
उन्हें खबर भी न हुई
कि कब कथा पत्थर बन गई,
और पत्थर सत्य घोषित हो गया।

अब कल्पनाएँ
उच्च आसनों पर विराजमान हैं,
अडिग, निर्विवाद, पूज्य।

और हकीकत?
वो दर-दर भटक रही है,
अपने अस्तित्व का प्रमाण लिए,
पहचान की प्रतीक्षा में
एक अनसुनी आवाज़ बनकर।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...