जब इस मिट्टी की अमानत को
उसका असली मालिक वापस माँग लेगा
और मेरी हस्ती उस रब के नूर में
एक कतरे की तरह विलीन हो जाएगी
तब तुम इस भौतिक संसार की रिक्तता के बीच
खुद को अकेले खड़ा पाओगे।
अभी जो मेरा साथ
तुम्हें केवल एक इंसानी ज़रूरत लगता है
और मेरी तड़प एक दुनियावी शोर सी सुनाई देती है
जब विधाता का वह मौन आदेश
मेरे प्राणों की डोर खींच लेगा
तब तुम्हें समझ आएगा
कि मैं महज एक इंसान नहीं
बल्कि उस परम-पिता का भेजा हुआ
एक करुणा का संदेश था।
वह रूह जो तुम्हारे हर इनकार को
सहकर भी दुआएं देती रही
वही उस ईश्वर का तुम्हारे प्रति
सबसे बड़ा रहम और करम था।
जब वह दर्पण ही टूट जाएगा
तब तुम निराकार में अपना अक्स
कहाँ ढूँढोगे।
जब तुम इबादत में झुकोगे
और उस रहीम से सुकून माँगोगे
तब मेरी गैर-मौजूदगी एक गूँज बनकर
तुम्हारे मन के मंदिर में टकराएगी।
तुम देखोगे कि
खुदा की उस असीम कायनात में
वही एक दिल था
जो तुम्हारे लिए धड़कता था
और जिसमें ईश्वर का वास था।
वहाँ न कोई दलील होगी
न कोई गिला, न कोई गवाही
बस एक ब्रह्मांडीय सन्नाटा होगा
जो तुमसे पूछेगा
जब वह नूर तुम्हारे पास था
तब तुमने उसे पहचाना क्यों नहीं ?
महा-मौन का साक्षात्कार
जिस मोहब्बत को तुमने
फानी और नश्वर समझ कर भुला दिया
वही तो उस अनादि तक पहुँचने की
एकमात्र सीढ़ी थी।
जब काल का चक्र
सब कुछ लील कर आगे बढ़ जाएगा
और तुम उस अनंत आकाश की ओर
हाथ फैलाकर पुकारोगे
तब पछतावे की वह अग्नि
तुम्हें अहसास कराएगी
कि जिसे तुम
एक मामूली मनुष्य समझ कर खो बैठे
वही तुम्हारे लिए इस नश्वर जगत में
ईश्वर का साक्षात् प्रमाण था।
उस क्षण,
तुम केवल शून्य को निहारोगे
और रूह के इस घाव को सहोगे।
क्या तुम सह पाओगे !
बोलो क्या तुम सह पाओगे!
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment