राम पर क्या लिखूँ, जब राम को जिया नहीं।
भीतर के रावण से हार बैठा मुंह छिपाए
तन कैसे शक्ति के सामर्थ्य के गीत गाए
आत्म की पुकार सुन मन विजय किया नहीं
राम पर क्या लिखूं जब राम को जिया नहीं।
वाणी में संयम नहीं मन में विकार है
स्वार्थ की दौड़ में अहम का विस्तार है
त्याग का मार्ग जो कभी स्वीकार किया नहीं
राम पर क्या लिखूं जब राम को जिया नहीं।
ढूंढ़ता हूं राम को मैं मंदिरों के शोर में
वास जबकि है सदा सत्य की ही भोर में
तमस मन का चीर दे इक दीप भी दिया नहीं
राम पर क्या लिखूं जब राम को जिया नहीं।
कर्तव्य की पुकार सुन घर द्वार त्याग कर
राम चल पड़े थे प्रबल परमार्थ साध कर
मोह के पार का पथ कभी लिया नहीं
राम पर क्या लिखूं जब राम को जिया नहीं।
शब्दों को ही जोड़कर मैं राम को पाऊँगा क्या?
बिन शबरी के बेर चखे तृप्त हो जाऊँगा क्या?
हृदय में केवट सा पावन स्नेह भी लिया नहीं,
राम पर क्या लिखूँ, जब राम को जिया नहीं।
No comments:
Post a Comment