दायाँ हाथ कहता है
“मेरे बिना कौन उठा पाएगा बोझ?”
बायाँ हँसकर पूछता है
“तेरी थकन मिटाएगा कौन रोज़?”
दोनों के मन में
अपनी-अपनी जीत के दावे,
दोनों ही अपने-अपने हक़ में
लिखते रहते फ़साने।
पर तन ने देखा है
न किसी की पूरी जीत,
न किसी की पूरी हार;
जिस दिन एक रूठ जाए,
उस दिन आधा रह जाता संसार।
दायाँ अपनी ताक़त पर इतराता है,
बायाँ अपने सहारे पर;
लेकिन सच यह है
कि दोनों ही चलते हैं
एक ही इशारे पर।
तो यह श्रेष्ठता का झगड़ा
कब तक यूँ चलता रहेगा?
जिस्म की सच्चाई है
काम वही पूरा होता है
जहाँ “दाएँ–बाएँ” नहीं,
सिर्फ “हम” रहता है।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment