मैं विध्वंसक नहीं हूँ-एक लंबी कविता
मैंने जाना
विध्वंस हमेशा शोर नहीं करता।
कभी-कभी वह उँगलियों के पोरों में छिपकर
चलता है,
एक मौन अनुष्ठान की तरह।
बस की सीट पर बैठा
अनायास उसकी बनावट कुरेदता रहा
जैसे किसी भूली हुई स्मृति की परतें
हटाकर
अतीत का चेहरा टटोल रहा हूँ।
कुर्सी पर बैठा तो मेज़ की चमक खरोंचने लगा
मानो स्थिरता से डरता हूँ,
मानो चमक किसी छलावे की तरह
मुझसे मेरी थकान छीन लेना चाहती हो।
दरवाज़े की हैंडिल को थामा
तो उसकी पेंट की चुप्पी उखड़ने लगी
जैसे मेरे भीतर की खामोशियाँ
उस पर रंग बनकर चढ़ गई हों
और मैं उन्हें उतारकर देखना चाहता हूँ
कि नीचे असल में क्या बचा है।
पेन हाथ में आया तो
ढक्कन चबाने लगा
कठोर प्लास्टिक में मन की अनकही कड़वाहट
का
स्वाद चखता हुआ
कि कहीं बाहर यह ज़हर न फैल जाए।
कागज़ के कोने मोड़ते-मोड़ते
मैंने शायद अपने ही विचारों को मोड़
डाला
जो सीधा नहीं होना चाहता था,
वह तिरछा होकर ही सहज हुआ।
मोबाइल कवर पर उंगलियां चली तो
कवर की सतह उखड़ती चली गई
जैसे मैं अपनी पहचान की छिलती हुई परतें
किसी सतह पर छोड़ता जा रहा हूँ
कि शायद भीतर जो मैं हूँ,
वह त्वचा के नीचे नहीं,
इन खरोंचों के पार है।
कागज़ फाड़ने की चरमराहट
कभी संगीत-सी लगती है
क्योंकि जो बात मैं कह नहीं पाता
वह काग़ज़ की टूटन से ही
जगत् में उतर जाती है।
पौधे की सूखी टहनी मिली तो
उसे तोड़ते चले गए
पर पौधे की सूखी टहनी टूटी तो लगा
मेरे भीतर की सूखन का एक अंश
उस ध्वनि के साथ
बिखरकर नीचे गिर गया है।
मैं हल्का हुआ हूँ
या और अधिक रिक्त
कह नहीं सकता।
किताब के कवर पर उँगलियाँ घूमीं
तो किनारों की चमड़ी झड़ने लगी
जैसे विचारों का धर्म यही है,
कि छूने पर वे बदल जाते हैं;
और बदलने में ही उनका सत्य निहित है।
इन सब क्रियाओं को देख
किसी ने कहा
“यह आदत है।”
किसी ने कहा
“यह तनाव है।”
किसी ने कहा
“यह बेचैनी की भाषा है।”
पर मैं जानता हूँ
यह मेरा संवाद है
उस गहन अंधेरे से
जो भीतर कहीं बैठा है,
और जिसे मैं छू नहीं सकता
सिवाय उन वस्तुओं के माध्यम से
जो मेरी उँगलियों के संपर्क में आती
हैं।
मैं विध्वंसक नहीं हूँ
पर शायद
अखंडता
का बोझ
मुझे कभी सहा नहीं जाता।
पूर्ण चीज़ें
मुझे बेचैन करती हैं
क्योंकि जीवन कभी पूर्ण नहीं हुआ,
कभी अखंड नहीं रहा।
जो टूटता है
वह मुझे समझ आता है;
जो खुरचता हूँ
वह मेरे भीतर की बनावट से मेल खाता है;
जो उखाड़ता हूँ
वह मेरे मन में जमे काई की तरह है
जिसका रंग
अब मेरा नहीं रहा।
और तभी समझ में आता है
इन खरोंचों में
मैं संसार को नहीं बदल रहा,
अपने भीतर की ध्वनियों को
किसी सतह पर उतार रहा हूँ
ताकि वे मुझे भर न दें,
निगल न लें,
न मुझमें घर कर लें
उस गहरी चुप्पी की तरह
जिससे मैं हर दिन भागता हूँ।
विध्वंस
मेरे लिए विरोध नहीं
स्वीकार है।
उच्छृंखलता नहीं
उद्धार है।
एक छोटा-सा अनुष्ठान
जिसमें मैं प्रमाणित करता हूँ
कि मैं अभी भी महसूस करता हूँ,
मैं अभी भी बदल सकता हूँ,
मैं अभी भी जीवित हूँ।
और शायद
जीवित होना
अपने भीतर की किसी परत को
हर दिन थोड़ा-सा
खुरच देने का ही नाम है।
No comments:
Post a Comment