जब आदि काल में
कुछ लोग
एक वृक्ष की छाया तले
बैठे
तो शब्द नहीं,
पहले प्रश्न उठे थे।
और उत्तर
धीरे-धीरे
धुएँ की तरह
हवा में तैरते हुए
किसी सहमति पर
ठहर गए थे।
फिर किसी ने
उस ठहराव को
काग़ज़ की उम्र दे दी
और वह
शास्त्र कहलाया।
मैंने सोचा
शास्त्र कहाँ बोलता है?
वह तो
बीते मनुष्यों के
संकोच और साहस का
लिखा हुआ प्रतिध्वनि-घर है।
उसमें
उनके समय की धड़कनें हैं,
हमारी नहीं।
आज हम कहते हैं
“शास्त्र ऐसा कहता है।”
पर सच यह है
कि अतीत के लोग
यही कहते थे,
और हमने
उनकी आवाज़ को
पत्थर में रख दिया।
शास्त्र तो बस
झुके हुए सिरों का
एक संग्रह है
जहाँ सबने
थोड़ा-थोड़ा
अपना सत्य रखा,
और चले गए।
किंतु
सत्य वहीं नहीं ठहरता
वह आज भी
हमारे भीतर
उसी वृक्ष की छाया में बैठा
नए प्रश्नों की प्रतीक्षा करता है।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment