*वह जो कहता नही*
वह जो कहता नहीं,
उसी के भीतर सबसे अधिक प्रेम पलता है।
जो नहीं पूछता प्रतिदिन तुम्हारा हाल,
वही हर साँस तुम्हारे नाम पर रखता है।
उसके प्रेम में न रंगोली है, न राग,
न उत्सव, न उत्साह की उजास।
उसका प्रेम धूप में तुम्हारे लिए छाया है,
और शीत में ओस से भीगी देह पर चुपचाप ओढ़ा हुआ वस्त्र।
वह नहीं रचता कविताएँ,
पर तुम्हारे लिए अपना जीवन
एक दीर्घ कविता की तरह जीता है।
वह सन्ध्या के दीप-सा है
स्वयं जलकर उजाला करता है।
उसके प्रश्न नहीं होते,
केवल समाधान होते हैं
घर की छत, बच्चों की पाठशाला,
तुम्हारे पिता की औषधियाँ,
और तुम्हारे नीरव दुखों के लिए मौन सहारा।
जब तुम सो जाती हो,
वह तब भी जागता है
जैसे रात की आंखें
दिन के स्वप्नों की रखवाली कर रही हों।
पर जब उसका प्रेम अनदेखा रह जाता है,
तो वह धीरे-धीरे बर्फ हो जाता है
पिघलता नहीं, बहता नहीं,
बस भीतर जमी चुप्पी बन जाता है।
कभी उसके नेत्रों में देखना,
वहाँ एक सूखा हुआ जलप्रपात मिलेगा
जो बरसना तो चाहता है,
पर ‘पुरुष’ होने का पर्वत उसे बाँध चुका है।
यदि तुम उसे सुन सको,
तो बिना शब्दों के भी उसकी पुकार पहचान सकोगी।
और तब जान सकोगी
कि प्रेम केवल स्पर्श नहीं, उत्सव नहीं,
बल्कि एक मौन तप है,
जो वह नित्य तुम्हारे लिए करता है।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment