Tuesday, August 19, 2025

मैं लौटा

मैं लौटा, पर वो राह अब घर नहीं थी

मैं लौटा —
सालों बाद,
अपने ही क़दमों के निशान ढूँढता
उस देहरी पर
जिसे कभी अनदेखा कर आया था।

वो आँगन
अब भी वही था शायद,
पर उसमें तुम्हारा इंतज़ार नहीं था
बल्कि एक ऐसी चुप्पी थी
जो मेरे नाम से अनभिज्ञ हो चली थी।

दरवाज़ा खुला,
पर तुम नहीं खुलीं।
तुम्हारी आँखें
कोई पुराना पन्ना नहीं थीं
जिसे मैं फिर से पढ़ सकूँ।

मैंने कहा —
"अब आ गया हूँ..."
जैसे मेरे लौट आने से
सारे बिखरे दिन
फिर से जुड़ जाएँगे।
पर तुमने सिर झुका लिया,
जैसे यह बात
किसी और जन्म की हो।

तुम्हारे होठों पर
एक थकी हुई मुस्कान थी,
जैसे बहुत पुरानी दीवार पर
छिल गया हो रंग
जो अब दोबारा नहीं चढ़ेगा।

मैंने तुम्हारे हाथों को छूना चाहा,
पर वो हथेलियाँ
अब किसी और ताप की आदत थीं —
शायद चूल्हे की,
या आत्म-संघर्ष की।

मैंने समझा —
प्रेम को थामे रखने के लिए
सिर्फ लौटना काफ़ी नहीं होता।
वक़्त की चुप्पियाँ
कभी-कभी रिश्तों की लाश ढँक देती हैं।

हाँ,
मैं लौटा था,
पर अब जो तुम्हारे सामने था
वो मैं नहीं —
एक अफ़सोस था
जो देर से जागा।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...