Tuesday, August 19, 2025

तुम लौटे

तुम लौटे, जब भीतर लौटना बचा ही नहीं था

तुम लौटे —
जब दीवारें बोलना भूल चुकी थीं,
और दरवाज़ों ने
किसी दस्तक से चौंकना छोड़ दिया था।

वो कुर्सी अब भी वहीं थी,
जिस पर बैठकर मैंने
तुम्हारे लौटने की कल्पना की थी —
पर अब वह खालीपन की आदत में
गद्देदार हो चुकी थी।

मैंने तुम्हें देखा,
जैसे कोई पुराना मौसम
आख़िरी बार
सूखे पत्तों के बीच हरियाली खोजे।
तुमने मुस्कराने की कोशिश की,
पर मेरा चेहरा
अब मुस्कुराहट का पता नहीं जानता।

घर में अब भी चूल्हा जलता है,
पर रोटियाँ गोल नहीं होतीं,
जैसे जीवन
अब पूर्णता से इनकार कर चुका हो।

तुमने शायद कहा — "मैं आ गया",
जैसे लौट आना
समय को पलट देना होता हो।
पर जिन कमरों में
सांसें कभी बाँसुरी थीं,
वहाँ अब सन्नाटों की राख जमी है।

मैंने जवाब नहीं दिया,
जवाब देने के लिए
मन को भीतर होना होता है।
और मेरा मन —
कई बरस पहले
पलंग के नीचे फिसल गया था,
किसी पुराने चादर की तरह।

तुम लौटे,
पर लौट आने से क्या होता है?
जब रिश्ते
पिघल चुके होते हैं
धूप के ऐसे छोर पर,
जहाँ से वापसी की कोई सड़क नहीं जाती।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...