Tuesday, August 19, 2025

सावन प्रतीक्षा की भीगी भाषा

सावन : प्रतीक्षा की एक भीगी भाषा

सावन
महज़ ऋतु नहीं,
एक पुरानी चिट्ठी है —
जिसे हर बरस
बदरा डाकिए की तरह
मन की चौखट पर डाल जाते हैं।

पेड़ों की शाखाएँ
झूले नहीं,
प्रेम की पीठ पर झूलती उम्मीदें हैं।
हर टहनी पर टंगी है
किसी गोरी की आँख —
पिया की राह तकती हुई।

बूँदें —
आकाश से गिरे प्रश्नचिन्ह हैं,
हर एक बूँद
किसी विरहिणी के पत्र का उत्तर मांगती है।

बिजली,
वह केवल कड़कती नहीं —
जैसे भीतर का क्षोभ,
एक चमकती चीख
जो कहती है —
"ये प्रेम नहीं, प्रतीक्षा है।"

बादल
विरह के कंधों पर लादे
यादों का घनघोर भार
हर देहरी, हर देह पर
बरस पड़ते हैं।

कहीं सावन
मिठास है —
भीगी चूड़ियों की खनक में,
कहीं वही सावन
कर्ज़ के कागज़ सा गलता है
भींगे हाथों में।

किसान —
धरती की छाती पर झुका एक संन्यासी,
जिसकी पूजा
हर बरस जलप्रलय लील लेती है।

बाढ़ —
केवल पानी नहीं,
बहता हुआ घर है,
बहता हुआ नाम,
बहते हुए वे सपने
जो स्कूल की यूनिफ़ॉर्म में
हर साल नापते थे ज़िन्दगी का माप।

और सावन —
फिर भी आता है,
हर साल,
ठीक उसी तरह
जैसे कोई रूठा प्रेमी लौट आता है,
कंधे पर आँधी,
हथेली में चुप्पी लिए।

वो फिर भीगा देता है धरती —
कभी प्रेम से,
कभी प्रलय से।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...