*वह जो उजास माँगती है*
वह सोने की नहीं,
स्वीकृति की चमक पहनती है
उसकी देह पर गहनों से अधिक
शब्दों की गरिमा फबती है।
उसे चाँद-तारे नहीं चाहिए,
बस एक आकाश
जहाँ उसकी उड़ान
किसी छत की मोहताज न हो।
वह नहीं तरसती कीमती तोहफों को,
उसे चाहिए वह दृष्टि
जो उसके मौन में भी अर्थ टटोल सके,
जो उसकी चुप्पियों को संवाद माने।
उसकी आत्मा
एक पारदर्शी पिंजरे में नहीं रहना चाहती,
वह चाहती है
कि जब वह खिड़की खोले,
तो हवाएं उसका नाम जानें।
वह चाहती है
कि निर्णयों में उसकी परछाईं न हो
उसकी आकृति हो,
वह नाम जो दस्तावेज़ पर नहीं,
संवेदनाओं में दर्ज हो।
वह घर नहीं सँभालती
वह घर को साँस देती है।
आँगन में उसके पाँवों की आहट
दीपक की लौ-सी थिरकती है,
और उसके श्रम में छुपा होता है
एक वृक्ष की तरह निःशब्द विस्तार।
वह जब थक कर बैठती है,
तो ज़मीन भी उसके तलवों को सहलाती है,
क्योंकि वह मिट्टी नहीं
माटी में गुँथी चेतना है।
हाँ, वह प्रेम की भूखी हो सकती है,
पर उसकी सबसे मूल भूख
सम्मान की है।
वह चाहती है कि उसे
सिर्फ ‘नारी’ न कहा जाए,
बल्कि ‘नाद’ समझा जाए
जो सृष्टि को जन्म दे
और सृजन को आकार।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment