*चाँद की छाँव में तुम*
तुम्हारे आने की ख़बर
एक उल्का-पिंड सी गिरी थी मेरी नीरव रात में,
मैं
अपने भीतर ग्रहण ओढ़े,
तुम्हारे उदित होने की प्रतीक्षा करता रहा।
जब तुम आईं
तो जैसे वसंत उतर आया हो
सूखे पत्तों की ज़ुबान पर।
मैं
एक नीम अंधेरा,
तुम्हारे दीप जैसे क़दमों के पीछे-पीछे चलता रहा।
तुम्हारी हँसी
जैसे किसी कोयल की पहली पुकार हो अमावस के बाद,
मैं
एक बंजर कवि,
हर पल तुम्हारी ध्वनि में कविता ढूँढता रहा।
तुम्हारी छवि
एक काँच की बूँद सी,
जिसमें मैं खुद को बार-बार देखता रहा,
जैसे तितली अपने ही रंगों को पहचानना चाहे।
तुम अनजान रहीं
खिलखिलाती हुई,
जैसे हवा को खबर ही न हो
कि कोई सूखी शाख उसके लिए झूम रही है।
वो रात
कैलेंडर से फिसलकर
मेरे दिल की दीवार पर चिपक गई,
और चाँद
एक गवाह बनकर
मेरे मौन की गवाही लिखता रहा।
मेरी ख्वाहिश
कोई याचना नहीं थी,
सिर्फ़ इतना कि
तुम आओ
और मैं धूप में पिघलती मोमबत्ती की तरह
बस कुछ पल तुम्हारे पास जल सकूँ।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment