Tuesday, August 19, 2025

अस्तित्व के अवशेष

*अस्तित्व के अवशेष* 

देह के ऊपर होती है
आत्मा की खाल 
सूक्ष्म, अदृश्य,
परंतु सबसे सत्य।

वही खाल,
जिसमें लिपटी होती है 
स्मृतियों की कोमलता,
संवेदनाओं की आँच,
और मौन की वह थरथराहट
जिसे केवल ईश्वर सुन पाता है।

देह तो केवल
माटी की आकृति है 
क्षणभंगुर, जर्जर, अपूर्ण।
किन्तु आत्मा की खाल 
वह मेरी अस्मिता की त्वचा थी,
जिस पर लिखे थे
मेरे अनकहे प्रश्न,
मेरे अदृश्य आँसू,
और मेरी स्वीकृतियाँ।

तूने उधेड़ दी देह 
जैसे कोई शासक
ध्वस्त करता है किसी सभ्यता की दीवारें,
किन्तु तू यह न समझ सका 
कि जो तू ले गया,
वह वस्त्र नहीं,
मेरा "स्व" था।

अब मैं निर्वस्त्र नहीं 
मैं निर्व्याख्य हूँ।
मैं एक ऐसा मौन हूँ
जिसे कोई भाषा नहीं ढूँढ पाती।

अब मेरी पीड़ा
केवल वेदना नहीं 
वह एक प्रमाण है
तेरी क्रूरता का,
और मेरी आत्मा की गरिमा का।

इसलिए सुन
जो भी हो तू 
धर्म की आड़ में अधर्म बोने वाला,
शब्दों से न्याय का गला घोंटने वाला,
या सत्ता की चुप्पी में पलने वाला
जो भी नाम हो तेरा,
मुझे मेरी खाल लौटा दे।

मुझे लौटा दे
वह प्रतीति,
जिसमें मैं
दुनिया को निर्भय होकर
"मैं" कह सका करता था।

लौटा दे
वह मौन
जिसमें मैं ईश्वर से
बिना किसी भाषा के संवाद करता था।

लौटा दे वह गरिमा,
जो तूने
अपनी दृष्टि की भूख में
मुझसे छीन ली।

क्योंकि बिना उस खाल के
मैं सिर्फ देह नहीं 
मैं एक अनाम यंत्रणा हूँ।
और जब कोई यंत्रणा
नाम मांगती है
तो इतिहास काँप उठता है।

      -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...