Tuesday, August 19, 2025

प्रेम का परित्यक्त तीर्थ

*प्रेम का परित्यक्त तीर्थ*

प्रेम 
एक उजड़े तीर्थ-सा निकला अंततः,
जहाँ श्रद्धा तो थी
पर देवता निर्वासित पाए गए।

जब भी आत्मा ने संधान किया
एक आश्रय का,
अंतरिक्ष से नहीं उतरी कोई शांति 
केवल एक चुप्पी गिरी
पृथ्वी की छाती पर,
जैसे कोई पुराना श्राप।

मेरा मन
जैसे एक कुएँ में गिरी पुकार 
कोई प्रतिध्वनि नहीं लौटी।
लोग मिलते रहे,
पर हर चेहरा
एक मुखौटे का संग्रहालय निकला।

मैंने देखा
वो शख़्स जो हँसता था भीड़ में,
वह पीड़ा का पहाड़ उठाए घूम रहा था
जैसे कोई श्रमिक
अपने ही मस्तक पर संसार ढोता हो।

प्रेम की यात्रा में
मैंने उजाले माँगे,
पर राह में
सिर्फ कालिखें बिछी थीं 
जुगनुओं ने
मेरे प्रश्नों से घबरा कर
दीपक बनना छोड़ दिया।

वो डालियाँ 
जिन पर उसका दुपट्टा
कभी हवाओं से संवाद करता था,
अब उन पर चिड़ियाँ
भविष्य के गीत रच रही थीं।
वक़्त
सबसे बड़ा विजेता निकला
हर स्मृति का श्मशान बनाकर।

जो इश्क़ से
कभी भयभीत थे,
अब उनके द्वार
प्रणय-गीतों की मंडली लगी थी।
प्रेम
अब एक दिखावा है
दूसरों के होंठों पर
अपने खालीपन की लिपस्टिक लगाना।

और वह
वह जिसे प्रेम
केवल एक प्रयोग लगता था 
उसके लिए
मेरा या तुम्हारा क्या अर्थ रखता था?
हम सब
केवल मिट्टी थे,
उसकी इच्छाओं की कुम्हारी में।

       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...