Tuesday, August 19, 2025

तुम मेरी हो

//*तुम मेरी हो*//

मैंने तुम्हें देखा
जैसे कोई देखता है 
जलती धूप में अकेली छाँव,
जिसे छूना भी सौभाग्य हो
पर थाम लेना पाप।

तुम आईं 
नील आकाश में उड़ती नीलकंठ की तरह,
स्वतंत्र, सुंदर, मौन में गूंजती,
और मैंने तुम्हें नाम दिया 
पत्नी।

मैंने कहा 
"अब तुम मेरी हो।"
जैसे बगुला कहे,
"यह झील मेरी है।"
जैसे कोई पथिक कहे,
"यह धूप मेरी है।"

पर प्रेम…
प्रेम कभी "मेरी" नहीं होता।

तुम तो एक राग थीं 
उदासी की सरगम में,
मैंने तुम्हें बाँधना चाहा
मंगलसूत्र की डोरी में,
तुम हँसी…
जैसे कोई फूल हँसता है
जिसे मंदिर में चढ़ाने से पहले
उसकी खुशबू छीन ली गई हो।

तुमने पूछा 
"क्या प्रेम भी दस्तावेज़ मांगता है?"
"क्या आत्मा पर भी सिंदूर लगाया जा सकता है?"

तुम तो वह आग थीं,
जो जलती है, मगर राख नहीं छोड़ती।
मैंने बुझाना चाहा 
और जला।

अब समझ पाया हूँ 
पत्नी होना,
स्त्री होना नहीं है।
जैसे घर होना,
घर का आभास नहीं है।

तुम थीं 
वह मौन दीप,
जो जलता है
पर अंधेरे से लड़ता नहीं,
बस प्रकाश देता है 
और चला जाता है।

मैंने प्रेम को थामना चाहा,
और वह फिसल गया 
रेत की तरह,
क्योंकि प्रेम पकड़ने से नहीं,
बहने से जीवित रहता है।

          -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...