Tuesday, August 19, 2025

प्रतिबिंब तुम्हारा

उस भोर,
जब नींद और जागरण के बीच
किसी अगोचर देवता ने
मेरी पलकों पर
सपनों की आखिरी सीप रखी थी,
मैंने तुम्हें पाया था।

तुम नहीं आए थे
कोई शब्द, कोई स्वर लिए,
पर हवा की भीतरी परत में
तुम्हारे नाम की
मूक थरथराहट तैर रही थी।

तब 
पत्तियों ने बोलना छोड़ दिया था,
नीम के फूल
गंध से अधिक मौन हो गए थे,
और मेरी हथेलियों में
कुछ गिरा था 
जैसे आकाश का एक टुकड़ा
छूकर लौट गया हो।

मैंने तुम्हें न देखा,
पर आंखों की झील में
पहली बार कोई प्रतिबिंब
साँस लेने लगा था 
जो मेरी नहीं थी,
तुम्हारी भी नहीं थी,
बस मिलन की एक रेखा थी
जो किसी ब्रह्मा-सी आंख से खिंच गई थी।

तुम्हारे बिना भी
तुम्हारा होना 
कैसी अद्भुत सृष्टि रच गया था।
मेरा मन एक उजला घाट बन गया,
जहाँ शब्दों के बिना
आरती उतारी जाती है।

तब मैंने जाना 
प्रेम कोई आयोजन नहीं,
वह एक संयोग नहीं,
बल्कि अंतरात्मा का
वह क्षणिक कम्पन है
जिसमें दो असम्पृक्त शून्य
एक समृद्धि बन जाते हैं।

और उस दिन,
मैंने अपने भीतर
एक फूल खिला हुआ पाया 
जिसकी गंध तुमसे थी,
जिसका रंग मेरे अश्रुओं से।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...