"वेदना की वेदिका पर"
स्त्रियाँ नहीं जन्म लेतीं,
गढ़ी जाती हैं –
मंत्रों की भट्टी में
श्रद्धा के साँचे में ढाली जाती हैं।
धर्म के शिलालेखों पर
वे एक उपेक्षित हस्ताक्षर हैं,
जिन्हें पढ़ते हुए वे सीखती हैं
कि स्वर्ग के द्वार
पति की सेवा से खुलते हैं।
उनकी सुबह
पति की करवट से पहले जागती है,
और रात
पति के खर्राटों के बाद सोती है।
उनका श्रृंगार –
नहीं होता स्वयं के लिए,
बल्कि एक अनदेखे देवता के स्वागत में,
जो कभी–कभी गाली देता है
तो कभी चुप रह जाता है।
स्त्रियाँ पढ़ती हैं
कि यदि पति हो अंधा,
तो दृष्टि बनो,
यदि वह बहरा हो
तो मौन बन जाओ,
यदि वह मूर्ख हो
तो ज्ञान त्याग दो,
क्योंकि सौभाग्य
पति की उपस्थिति से मापा जाता है,
उसके चरित्र से नहीं।
उन्हें सिखाया जाता है –
कि गरल भी अमृत है
यदि स्वामी की जिह्वा से टपका हो,
कि संस्कारित चरण-नीर
तीर्थ से भी पवित्र होता है,
यदि वह पाँव किसी पुरुष का हो।
वे पीती हैं
हर अपमान, हर आदेश, हर अनदेखापन
उसी संस्कारित नीर की तरह —
श्रद्धा में डूबकर,
संकोच में गलकर।
पर कहीं, किसी कोने में
एक स्त्री चुपचाप पूछती है—
"क्या कभी पुरुष भी पत्नीव्रत हुआ है?"
धूप की तरह जलती
उसकी यह चुप्पी
शास्त्रों की दीवारों में दरार डाल देती है।
वह जानना चाहती है
कि किस पृष्ठ पर लिखा है
पति को पत्नी की सेवा में
ईश्वर से भी ऊपर माना गया?
जब वह पूजी जाती है
तो उसकी देह को छुआ जाता है,
जब वह नहीं पूजी जाती
तो उसकी आत्मा को छुआ तक नहीं जाता।
और फिर,
जब मेज पर रखे अख़बार में
दहेज हत्या की दो पंक्तियाँ
और marital rape पर एक आलेख
चुपचाप स्याही से रिसते हैं,
तो वह सोचती है—
"क्या मैंने सही पाठ पढ़ा था?"
अब वह शास्त्र नहीं पढ़ती,
उनकी सीमाएँ पहचानती है।
अब वह पूजा नहीं करती,
सिर्फ अपने भीतर
एक औरत को जागते हुए देखती है —
जो अब संस्कारित चरण-नीर नहीं पीती,
बल्कि उसकी धारा को
पहली बार
प्रश्नों से उल्टा बहाना चाहती है।
No comments:
Post a Comment