*तुम रूठना मत*
तुम रूठना मत
तुम्हारे मौन की लहर
मेरे भीतर भूकम्प सी कांप उठती है।
एक हल्का-सा ठहराव
पूरे समय को ठहरा देता है
और मैं
मैं तुम्हें ढूंढता हूँ
हर उस जगह,
जहाँ तुम्हारी गैरमौजूदगी
सबसे ज़्यादा गूंजती है।
जब तुम रूठती हो,
शब्द टूट जाते हैं
जैसे किसी मंदिर की सीढ़ियों पर
टूटे हुए दीपक।
कविताएं छाया बनकर
दीवारों में समा जाती हैं।
मन के आँगन में
चाँदनी जलती है
कोमल नहीं, तीखी।
तुम्हारे रूठने से
सुबहें बुझ जाती हैं,
चिड़ियों की चहचहाहट
सुनाई नहीं देती,
और मेरी तन्हाई
ख़ुद को भी भूल जाती है।
मैं उस पल
कुछ नहीं होता
सिर्फ़ एक हारा हुआ स्वर,
जो तुम्हारा नाम रटता है
हर साँस के कोर पर।
इसलिए
तुम रूठना मत।
क्योंकि तुम्हारे एक 'ना' से
मेरे सारे 'हाँ' मर जाते हैं।
मेरे ख्वाब पत्तियों-से गिरते हैं,
और ख्वाहिशें
कली बनते ही सूख जाती हैं।
तुम रूठना मत,
क्योंकि
तुम्हारे बिना
मैं कविता नहीं,
सिर्फ़ एक अधूरा विराम हूँ।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment