*प्रेम का प्रत्यर्पण*
मैंने प्रेम किया था
किसी और से।
पूरे मन, पूरे यक़ीन,
पूरे जीवन की तरह।
तुमने भी किया
उसी सम्पूर्णता से,
पर किसी और के लिए।
मैंने सजोया हर स्पर्श,
हर वादा, उसके लिए
जो कभी लौट कर नहीं आया।
तुमने सहेजी हर कसम,
हर समर्पण, उसके लिए
जो तुम्हारे पास होकर भी
तुम्हारा न था।
हम दोनों
पूरे प्रेम में आधे रह गए।
और फिर,
एक चुप्पी से लिपटी संध्या में
हम मिले
दो थकी हुई आत्माएं,
अपना प्रेम हार चुकीं,
पर उसे संजोने का साहस अब भी जीवित।
हमने कुछ नहीं माँगा।
कुछ नहीं जताया।
बस
मैंने तुम्हें सौंप दिया
वो प्रेम जो मेरा होकर भी कभी मेरा नहीं था।
और तुमने मुझे लौटा दिया
वो प्रेम
जो तुमने उसके लिए जिया
जो तुम्हें समझ न सका।
उस दिन हमने जाना
प्रेम पाना जरूरी नहीं,
कभी-कभी
उसे लौटा देना
सबसे बड़ा प्रेम होता है।
हम एक-दूजे के प्रेमी नहीं बने,
हम एक-दूजे के साक्षी बने।
गवाह उस प्रेम के
जिसे हमने निभाया,
किसी और के लिए।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment