*बादल: अस्थि-स्वर की कोई छाया*
वह आकाश में नहीं,
मनुष्य की अंतरात्मा में मंडराता है—
बादल।
न केवल जल का वाहक,
बल्कि स्मृतियों का एक अदृश्य रेखाचित्र,
जो हर ऋतु से
एक नया प्रश्न पूछता है।
उसकी गड़गड़ाहट
प्रेम-पथिक की उकताई हुई पुकार है,
जो हृदय तक पहुंचती है—
पर निवास नहीं करती।
वह उतरता है जल बनकर,
पर प्यास बुझाने नहीं—
जीवन की अधूरी कहानियाँ गुनगुनाने।
वह विरहिनी की देहरी पर
सजल होकर ठहरता है—
नदी की तरह नहीं,
एक टूटे हुए गीत की तरह।
उसकी बूँदें
नेत्र नहीं,
परछाइयाँ हैं—
जो उजाले से डरती हैं।
कभी वह खिलौना है—
बालक की हथेली पर,
कभी वह आईना है—
वृद्ध की धुँधली दृष्टि में।
वह किसी चौराहे पर खड़ा
वक़्त का बंजारा है—
जो मौसमों से संवाद करता है
पर उत्तरों से डरता है।
जब नारी अपने प्रेम में संपूर्ण होती है,
बादल उसका चूड़ा बन
कलाइयों पर झनकता है।
और जब वह अकेली होती है,
वही बादल
उसकी मांग में राख भर देता है।
धरती के होठों पर
वह अमृत की स्याही लिखता है—
पर अब अक्षर धुँधले हैं,
और धरती की मुस्कान
ब्याज पर ली गई मुस्कराहट जैसी।
वह जानता है
कि किसान अब गीत नहीं गाते,
बल्कि ऋण-पत्रकों में खेत बोते हैं।
गांव अब नहीं पुकारते उसे,
वे बिजली के बिलों में उलझे हैं।
अब वह आसमान की गोद में नहीं,
अख़बारों की चेतावनियों में मिलता है।
"लू का प्रकोप",
"जलवायु परिवर्तन",
"अनियमित मानसून"—
कभी थे जो काव्य के बिंब,
अब हैं विज्ञान के खत।
वह पूछता है—
"तुम वृक्ष नहीं बोते,
फिर छांव की उम्मीद क्यों?"
"तुम मिट्टी नहीं सोंधते,
फिर वर्षा की आरती किसलिए?"
अब वह
केवल एक बादल नहीं,
एक अंतर्ध्वनि है—
जो चेतना को खरोंचती है,
एक खामोश हुंकार है—
जो गिरने से पहले
टूटने की अनुमति मांगती है।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment