*चुप्पी की नीलामी*
तुम संलग्न हो रही हो
उनसे,
जिनके चेहरे दर्पण नहीं
दर्पण के भीतर गढ़े कृत्रिम प्रतिबिंब हैं।
जो मुस्कराते हैं,
पर उनकी मुस्कानों में
तार लगे होते हैं
अदृश्य, किन्तु तीखे।
उन्होंने तुम्हारे लिए सीढ़ियाँ रखी हैं,
परंतु प्रत्येक सीढ़ी
तुम्हारे आत्मसम्मान की एक परत छीलती है।
तुम जैसे-जैसे ऊपर बढ़ती हो,
वे नीचे तुम्हारा आधार हटा रहे होते हैं
धीरे, चुपचाप, रणनीति से।
तुमने चुना है संवाद,
पर उनके शब्द खोखली गूंजों की तरह हैं
जिनमें स्वर है पर संवेदना नहीं,
जैसे वे भाषा नहीं,
किसी पुरानी मशीन की रट हो।
जिस जल को तुमने जीवन समझा,
वह अब नीला धातु बन गया है
चमकता हुआ,
पर प्यास नहीं बुझाता।
तुमने जिन्हें साथी जाना,
वे डिजिटल छायाएं थीं
स्पर्शहीन,
पर नियंत्रणकारी।
वे चाहते हैं कि तुम एक प्रतिमा बनो
स्थिर, शोभनीय, बोलहीन।
वे तुम्हारी आकृति तो सँवारेंगे,
पर तुम्हारी आवाज़ मिटा देंगे।
यदि तुम चलने लगो
तो तुम्हारे मार्ग पर ध्वस्त पुल डाल देंगे,
यदि तुम उड़ने लगो
तो तुम्हारे पंखों को सुंदर कहकर
काँच की दीवारों में कैद कर देंगे।
तुमने जिस प्रेम को पूजा,
वह अब उनके लिए
केवल एक सौदा है
जहाँ आत्मा की कोई कीमत नहीं,
केवल तुम्हारी चुप्पी की नीलामी होती है।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment