धान रोपती औरतें
खेतों में झुकी औरतें
नहीं हैं केवल मज़दूर
वे हैं ऋतुओं की पुकार,
धरती की थकी हुई पलकों पर
हरियाली का सपना रोपती देवियाँ।
पैरों से रौंदती हैं कीचड़,
पर भीतर सहेजती हैं आकाश
उनके पाँवों में धंसी हुई मिट्टी
जैसे कोई व्रत हो,
जैसे कोई पूजा
बिन मंत्र, बिन घंटा, बिन धूप।
हर बिरवा जो वो रोपती हैं,
उसमें होता है एक घर का सपना,
एक बच्चे का भविष्य,
एक दोपहर की रोटी की उम्मीद।
उनकी हँसी
बीच खेतों में बहती हवा में
किसी लोकगीत सी तैरती है
जो बताती है
कि थकान से भी सुंदर होता है
सृजन का संकल्प।
उनके हाथों की मेहंदी
अब मिट गई है
पर हथेलियों में अब भी
छपा है खेत का नक़्शा।
उनकी चुनरी भीग गई है पानी में,
पर आँखों में
अब भी सूखी है उम्मीद।
वे चलती हैं पंक्ति में
जैसे कोई मौन जुलूस हो
धरती के पक्ष में,
भविष्य के पक्ष में,
अस्तित्व के पक्ष में।
स्त्री और धरती
दोनों जननी हैं, दोनों अन्नपूर्णा।
एक कोख में जीवन उगता है,
दूसरी की छाती पर अन्न।
दोनों सहती हैं ऋतुओं की मार,
पर चुपचाप ओढ़ लेती हैं हरीतिमा का आँचल।
वे नहीं पूछतीं पहचान,
न ही जताती हैं अपना श्रम
क्योंकि सृजन कभी शोर नहीं करता,
वो बस बहता है
नदियों की तरह,
चुपचाप, निर्विघ्न,
धरती को माँ और
औरत को देवी बना देता है।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment