झूठ की जड़ में गहराई होती नही
एक दिन सामने आ ही जाता है ये।
बोलकर झूठ, है घूमता ताव में
खुद भी फंसता है और फंसाता है ये।
पूरा लबरेज़ है खालीपन से मग़र
रंग भरता हुआ नज़र आता है ये।
तारीफ़ वादे हंसी रंग-ओ-रौनक
बहारों को अपना बताता है ये।
सच की रक्षा को चुनकर जो लाये गए
उनके मुख से बहुत बोला जाता है ये।
असलियत ठीक से देखकर जान लो
बहुत भोला खुद को जताता है ये।
टूटकर एक क्षण में बिखर जाएगा
सच से सीधे नही टकराता है ये।
जो उलझे चमक में तो बुझ जाओगे
आसमां को जमीं से मिलाता है ये।
ज़ीस्त से दूर रखो है मीठा ज़हर
धीरे धीरे कलेजे को खाता है ये।
'विनीत' न अपनाना कभी झूठ को
क्योंकि तुमको तुम्ही से छिपाता है ये।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment