Thursday, September 19, 2024

हंसना सीखा

छूट ना पाया दिल से मेरे 
यूं बाहों में कसना सीखा
रो रो कर जब हार गया 
तब आखिर में हंसना सीखा।

है आंखों में एक कहानी
उलझे टूटे ख्वाबों की
जब अश्कों में बिखर गया
तब नैनों में बसना सीखा।

अच्छा लिखना अच्छा पढ़ना
दोनों ही आसान नही
पढ़ते पढ़ते लिखना सीखा
लिखते लिखते पढ़ना सीखा।

नफरत और मोहब्बत दोनों
एक सिक्के के दो पहलू हैं
जब नफरत के पार गया
तो इश्क़ मोहब्बत करना सीखा।

ठहरो सुन लो जो कहता हूँ
शब्द मिले हैं लाख जतन से
खामोशी की चौखट चूमी
तब जाकर कुछ कहना सीखा।

                    -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...