हे माँ शक्ति माँ जगदम्बे
पार करो भवसागर अम्बे।
पार करो भवसागर अम्बे।
मुझमें असुर महिष से लाखों
दुष्ट दलन कर मुझे प्रतापो।
ज्योतिर्मय हो निर्मल पावन
अंतर्मन में आके बिराजो।
शक्ति मुझे दो शक्ति बनूँ मैं
मात तुम्हारी भक्ति करूँ मैं।
दुर्बल का संबल बन जाऊं
नवरात्रि की महिमा गाउँ।
जय माँ गौरी काली अम्बे
वैष्णो माँ हे ज्वाला अम्बे।
शक्ति तुम्हारी पा इतराते
खल सृष्टि में पाप बढ़ाते।
अश्रु नयन टपकाती नारी
अपने जायों से है हारी।
तेरी पूजा करते सब नर
फिर भी नारी को लगता डर ।
अपनी शक्ति रौंद रहा है
नर अंधा हो दौड़ रहा है।
कामाख्या माँ हे चामुण्डे
पार्वती माँ दुर्गा अम्बे।
शक्ति अगर दो संयम भी दो
सद्कर्मो का चिंतन भी दो।
पूज्यनीय हैं यदि कन्याएं
इन पर कोई आंच न आये।
शक्ति की पूजा का आशय
नारी की पूजा हो हर शै।
नर की शक्ति नारी है
देवी है कल्याणी है।
असुरमर्दिनी नियति नियंता
मातु भवानी माँ जगदम्बा।
जीवन मधुरिम सा कर दो माँ
अपनी भक्ति का वर दो माँ।
अपनी भक्ति का वर दो माँ।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment