Thursday, June 11, 2026

दूसरा बैल - कविता

! दूसरा बैल !

बैल मरा तो केवल
एक पशु नहीं मरा,
मर गई थोड़ी-सी उम्मीद,
थोड़ा-सा साहस,
थोड़ी-सी नींद।

खेत खड़ा था चुपचाप,
बीज प्रतीक्षा में थे,
बादल अपने समय पर आने को।
पर किसान के आँगन में
एक खाली जुआ पड़ा था।

रोटी ने कहा
मुझे चाहिए खेत।

कर्ज़ ने कहा
मुझे चाहिए पैसा।

धरती ने कहा
मुझे चाहिए हल।

तब एक स्त्री आगे बढ़ी।
उसने अपने कंधे पर
जुआ रख लिया।
धूप जलती रही,
मिट्टी फटती रही,
और वह
बैल की जगह
अपने आदमी के साथ
चलती रही।
उसके पाँवों से अधिक
उसका मन थका था,
पर भूख के सामने
थकान कहाँ टिकती है।
धरती पर पड़ती
हल की हर रेखा
मानो पूछ रही थी
जो सबका पेट भरते हैं,
उनके हिस्से में ही
इतनी भूख क्यों आती है?
और आसमान,
जो उस दिन भी
वैसा ही नीला था,
शायद पहली बार
अपनी ऊँचाई पर
शर्मिंदा हुआ होगा।

     - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...