Sunday, May 31, 2026

अहंकार का संघर्ष

कोरे कागज़ की छाती पर
चमकदार नीली स्याही से
मैंने लिख दिए दो शब्द—
एक तरफ़ 'सच', दूसरी तरफ़ 'झूठ'।
मैं ठहरा रहा, देखता रहा
कि अभी भड़केगी कोई चिंगारी,
अभी छिड़ेगा एक महायुद्ध इस सफ़ेद मैदान पर,
अभी सच उठाएगा तलवार
और झूठ धराशायी हो जाएगा।
पर हुआ कुछ भी नहीं।
दोनों अपनी-अपनी जगह थमे रहे,
शांत, स्थिर और चमकीले।
न सच ने झूठ को मिटाना चाहा,
न झूठ ने सच का रास्ता रोका।
तब समझ आया—
कागज़ के इस भूगोल पर कोई सरहद नहीं थी,
न अक्षरों के हाथ में कोई ढाल थी, न तीर।
तो फिर यह जो बाहर बारूद गंधा रहा है हवाओं में,
यह जो चौराहों पर लहू की सुर्खी तैर रही है,
यह जंग उस नीली स्याही की नहीं है।
यह तो उन हाथों का पागलपन है
जिन्होंने शब्दों को अपनी उँगलियों का ग़ुलाम बना लिया,
जो सच के माथे पर 'अहंकार का मुकुट' रख
दूसरे के सच को सूली पर टांग देते हैं।
कागज़ पर थमे हुए शब्द निर्दोष थे,
मगर बाहर, इंसानों की खोपड़ियों में—
सच और झूठ की दो ज़हरीली नदियाँ बह रही थीं,
जो आपस में टकराकर
सिर्फ़ इन्सानियत का मक़बरा चुन रही थीं।
कागज़ का वह नीला मौन
इंसानी चीख़ों के बाज़ार से कितना बड़ा था!

   - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत' 

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...