Monday, May 25, 2026

एक वितान - सनातन और संविधान

! एक वितान - सनातन और संविधान !

एक आदिम, अभेद्य चट्टान है सनातन
जिसकी कंदराओं में
समय की सबसे पहली ऋचा जागी थी।
यह वह गहरी, उपजाऊ मिट्टी है,
जिसने अपने भीतर सहेज रखी है
करुणा की नमी,
सहिष्णुता की जड़ें,
और वसुधैव कुटुम्बकम् का शाश्वत बीज।

यह वह भीतरी आकाश है,
जहाँ हर आत्मा को अपनी उड़ान की छूट है,
जहाँ सत्य के हज़ारों सूरज एक साथ उग सकते हैं।
और इसी मिट्टी से उठकर जो आसमान तक तना,
वह बरगद की मजबूत साख है संविधान।
यह महज़ कागज़ का सफ़ीना नहीं,
यह देश की धमनियों में दौड़ता एक जीवंत नियम है।
यह वह लौह-प्राचीर है
जो आंधी-तूफ़ान में कमज़ोर के दीये को संरक्षण देती है;
यह वह तराजू है,
जो राजा और रंक, बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक को
एक ही पलड़े पर तौलकर न्याय की गरिमा बचाता है।

ये दोनों अलग कहाँ हैं ?
ये तो एक ही वृक्ष के मूल और फल हैं।
अगर सनातन वह अदृश्य सरिता है,
जो हमारी चेतना के भीतर युगों से अनवरत बह रही है;
तो संविधान वह मजबूत घाट है,
जो उस चेतना को बिखरने से रोकता है,
उसे मर्यादा और व्यवस्था का किनारा देता है।

जड़ें अगर ज़मीन को कसकर न थामतीं,
तो यह विशाल वितान किस पर ठहरता?
और अगर यह सुरक्षित वितान न होता,
तो बदलती ऋतुओं की धूप में वो जड़ें कैसे महफ़ूज़ रहतीं?
जब अनादि काल का संस्कार
आधुनिक न्याय की वर्णमाला से 
हाथ मिलाता है,
तभी इस धरा पर भारत का भव्य प्रासाद मुस्कुराता है।

   - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...