Monday, May 25, 2026

सभ्यता अभी जन्मीं नहीं है

//सभ्यता अभी नहीं जन्मी है//

धर्मों के ऊँचे शिखरों पर
खड़े हैं रक्तरंजित देवता,
और नीचे
मनुष्य अपनी ही लाशों पर
सभ्यता का ध्वज गाड़ रहा है।

कोई ईश्वर
कभी युद्धभूमि में नहीं मरा,
मरता हमेशा मनुष्य ही है
वह
जो सुबह बच्चों के लिए रोटी लाता था,
जो रात को थका हुआ
अपनी माँ के पास सो जाता था,
जो प्रेम करता था,
जो जीना चाहता था।
पर इतिहास ने
मनुष्य को मनुष्य नहीं रहने दिया।
उसे हिन्दू, मुसलमान, यहूदी, ईसाई,
राष्ट्र, झंडा, सेना, विचारधारा
सब कुछ बना दिया
सिर्फ़ मनुष्य नहीं रहने दिया।

और फिर
हर युग में किसी ने कहा
ईश्वर खतरे में है।
और मनुष्य
ईश्वर को बचाने निकल पड़ा
मनुष्य को मारकर।

कितनी विचित्र बात है
सर्वशक्तिमान को
हमेशा कमजोर मनुष्यों की तलवारें चाहिए होती हैं।
धरती सदियों से
एक ही दृश्य देख रही है
मंदिरों की राख,
मस्जिदों का धुआँ,
गिरजाघरों की टूटी घंटियाँ,
और उन सबके बीच
रोता हुआ एक बच्चा
जिसे अभी धर्म का अर्थ भी नहीं मालूम।

राजा बदलते रहे,
नारे बदलते रहे,
धर्मग्रंथों की व्याख्याएँ बदलती रहीं,
पर नहीं बदला
मनुष्य के भीतर बैठा भय।
भय
कि दूसरा जीवित रहा
तो मैं छोटा हो जाऊँगा।
और इसी भय से जन्मी
हर घृणा ने
अपने लिए ईश्वर गढ़ लिया।

सभ्यता शायद उसी दिन जन्म लेगी
जिस दिन
मनुष्य किसी दूसरे मनुष्य का गला काटने से पहले
उसकी आँखों में अपना ही भय देख लेगा,
उसकी चीख में
अपने बच्चे की आवाज़ सुन लेगा,
उसके रक्त में
अपने ही घर की गर्मी पहचान लेगा।
जिस दिन
किसी शव के पास खड़ा विजेता
पहली बार समझेगा
कि उसने शत्रु नहीं,
अपने ही अस्तित्व का एक अंश मारा है।
जिस दिन
ईश्वर के नाम पर उठे हाथ
किसी अनाथ बच्चे के सिर पर ठहर जाएँगे,
और धर्म
मनुष्य से बड़ा नहीं,
मनुष्यता से छोटा दिखाई देगा।
पर अभी
धरती पर
धर्मों की भीड़ है,
झंडों का शोर है,
घृणा के उत्सव हैं,
और उनके बीच
धीरे-धीरे मरता हुआ मनुष्य।
सभ्यता अभी जन्मी नहीं है,
हम अब भी
सुसज्जित आदिमानव हैं
हाथों में धर्मग्रंथ लिए,
आँखों में आदिम हिंसा लिए।

 - देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत' 

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...