बदनसीब बेचारे से,
किस्मत के मारे से,
कटघरे में खड़े हत्यारे से
जज ने पूछा
क्या हत्या तुमने की है?
हाँ हुज़ूर, मैंने की है।
तो तुम मानते हो
तुमने हत्या की है?
हाँ, मैं जानता हूँ
कि मैंने हत्या की है।
तो विस्तार से,
सिलसिलेवार बताओ,
मामले में पूरी
रौशनी लाओ।
पहले तुमने क्या किया?
कैसे योजना बनाई?
किसका नाम लिया?
हुज़ूर, मैंने हत्या की।
वह तो तुम कबूल कर चुके,
लेकिन हत्या की कड़ी में
सबसे पहले तुमने क्या किया?
क्यों किया?
कैसे किया?
हुज़ूर, मैंने हत्या की।
अदालत का समय मत खराब करो,
ठीक-ठीक बताओ।
मैं बिल्कुल ठीक बता रहा हूँ।
हत्या से पहले
मैंने हत्या की थी।
"किसकी?"
"मेरे ज़मीर की।"
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment