Wednesday, November 5, 2025

गंदा आदमी सड़ा हुआ शहर

​मैं वह आदमी हूँ
जो महफ़िल में चुपचाप बैठा है।
​बाहर से चमकीला हूँ,
जैसे नई पॉलिश किया दरवाज़ा।
पर भीतर?
भीतर एक सड़ा हुआ शहर है,
जहाँ कोई रोशनी नहीं जाती।
​अभी-अभी लौटा हूँ,
एक गंदे समझौते से।
मेरे होंठों पर हँसी है
वह मेरी गंदगी को
ढकने वाला इत्र है।
​और हाँ, मैंने ही पीटा था
अपनी कमज़ोरी को
ताक़त का नाम देकर।
अब इस चाय की प्याली में
मैं अपनी हिंसा को धो रहा हूँ,
जैसे वह निजी-धूल हो,
कोई अपराध नहीं।
​मुझमें ही वह आदमी भी है
जो खुलेआम कहता है,
"अगली बार हड्डियां तोड़ 
कतरा कतरा रक्त निचोड़ लूंगा"
वह झूठा नहीं, बस ज़्यादा नंगा है।
उसकी बदबू सीधी है,
मेरी सुगंध से ज़्यादा साफ़।
​और मैं ही वह हूँ,
जो इस समय चुप है।
मेरी चुप्पी कोई लज्जा नहीं—
बस एक गहरी साँस है
उस वर्जित तस्वीर की,
जो मेरे मन में रिस रही है।
​मैं एक ही शव हूँ,
जिसने अपने भीतर
तीन अलग-अलग लोगों को मारा है
प्रेम को,
स्त्रीत्व को,
और उस बच्चे को
जो निर्दोष था।
​किसे छोड़ दूँ?
किसे बेहतर मानूँ?
यह समाज केवल मेरा आईना है
और आईने में हर कोई
थोड़ा-सा गंदा दिखता है,
बस किसी की गंदगी
ज़्यादा खुली है।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...