Wednesday, November 5, 2025

लिखो ताकि

सुनो बेटियों, सुनो बहनों, सुनो माँओ—

जितना भी तुमने अब तक पढ़ा है,
या जितना पढ़ पाई हो—
वह तुम्हारा दीप है।
उसे बुझने मत देना।
उसे आगे भी जलाए रखना।
किताबें सिर्फ ज्ञान नहीं देतीं,
वे तुम्हें तुम्हारे भीतर ले जाती हैं।

और लिखना—
हाँ, लिखना मत छोड़ना।
डायरी में, पन्नों पर, दीवारों पर,
या फोन की नोट्स में ही सही—
लेकिन लिखना ज़रूर।

लिखना तुम्हारी आत्मा की आवाज़ है।
जब तुम अपने लिखे को फिर से पढ़ोगी,
तो तुम खुद से मिलोगी।
तुम्हें दिखेगा—
कहाँ तुम हँसी थी, कहाँ तुम टूटी थी,
कहाँ तुमने चुप रहकर भी चीख लगाई थी।

और तब तुम समझ पाओगी—
कि इस पितृसत्तात्मक समाज में स्वतंत्रता का अर्थ
सिर्फ बाहर घूमने की आज़ादी नहीं,
बल्कि अपने भीतर अपनी इच्छा से जीना है।

तुम पहचान पाओगी—
वे अनचाहे स्पर्श,
वो घूरती निगाहें,
वो ताने, वो फब्तियाँ,
जो मज़ाक कहकर,
चिंता कहकर,
या प्रेम के नाम पर दी जाती हैं।

तुम समझ जाओगी—
कि नम्रता की ओट में भी
वासना छुपी हो सकती है।
और सब कुछ जो मधुर लगता है,
ज़रूरी नहीं कि प्रेम हो।

इसलिए लिखो।
लिखो ताकि तुम्हारी चुप्पी की आवाज़ सुनाई दे।
लिखो ताकि तुम्हारे खामोश आँसू भी दस्तावेज़ बनें।
लिखो ताकि तुम खुद को कभी खो न दो।

क्योंकि जब एक स्त्री
खुद को पढ़ लेती है—
तो दुनिया की कोई ताकत
उसे तोड़ नहीं सकती।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...