उसने सोचा
मस्जिद पर पत्थर फेंकेगा
तो राम सुरक्षित रहेंगे।
दूसरे ने सोचा
मंदिर पर पत्थर फेंकेगा
तो रहमान की इज़्ज़त बच जाएगी।
पत्थर उड़े
आकाश ने कुछ नहीं कहा,
दीवारें खड़ी रहीं,
गुंबद और शिखर मौन।
पर कहीं भीतर
एक ही कराह उठी
इतनी धीमी
कि किसी ने सुनी नहीं
और इतनी तेज
कि ब्रह्मांड तक जाने लगी—
“मैं दो नहीं हूँ…”
न राम अलग,
न रहमान अलग,
न प्रार्थना की आवाज़ अलग,
न आँसू की नमी अलग।
जो पत्थर
मस्जिद पर फेंका गया था
वही चोट
मंदिर के अंदर बैठे राम पर लगी।
और
जो पत्थर
मंदिर पर फेंका गया था
वही दर्द
रहमान के सीने में उतर गया।
चोट दीवारों को नहीं लगी
चोट विश्वास को लगी
और विश्वास
किसका भी हो
भगवान का ही होता है।
फेंकने वाले हँस रहे थे
वे सोचते रहे
कि उन्होंने
दूसरे के भगवान को लहूलुहान किया।
वे आज भी नहीं जानते
कि वे एक ही ईश्वर की देह में
दो घाव बनाकर आए हैं।
जो ऊपर है
वह एक ही है।
ज़रा सुनो
हर चीख में उसका ही स्वर है।
पत्थर फेंकना बंद करो
भगवान अब दर्द से थक चुके हैं।
No comments:
Post a Comment