*परमपिता है, परम माता क्यों नही*
वह देवी है
कहा गया।
सिंह पर आरूढ़,
रक्त से लथपथ,
और फिर भी
घर लौटते ही
थाली सजाती है।
वह काली है
अंधकार की संहारिणी,
पर उसका ही अंधकार
हर कथा में बाँधा गया
पति की दीर्घायु के धागे से।
वह दुर्गा है
शक्ति का साक्षात् रूप,
पर पूजा के बाद
फिर रसोई में लौट आती है
बिना प्रसाद के।
धर्म ने स्त्री को
देवी बना दिया —
ताकि वह मनुष्य न रह जाए।
क्योंकि मनुष्य होने का अर्थ है
प्रश्न करना,
और देवी प्रश्न नहीं करती।
पुरुष ने आराधना की
पर बराबरी नहीं की।
उसने चरण छुए,
पर हाथ नहीं थामे।
उसने कहा —
“तुम पूजनीय हो।”
किंतु अर्थ यह था
“तुम मेरे ऊपर रहो,
पर मेरे बराबर नहीं।”
ईश्वर भी इसी मिट्टी का था
उसके भी ग्रंथों में
देवी हैं,
पर धर्म पुरूषवाची।
वह भी सुनता है
‘हे परमपिता’,
कभी नहीं सुनता
‘हे परममाता’।
और स्त्री,
जो सृष्टि की मूल थी,
अब पूजा की वस्तु है।
वह जल चढ़ाती है,
जिस देवता को
कभी उसने ही जन्म दिया था।
कभी-कभी सोचता हूँ
अगर दुर्गा सचमुच उतर आए,
तो क्या वह आरती स्वीकारेंगी?
या पूछेंगी
“मुझे पूजा क्यों,
जब तुमने मेरी कन्या को मौन कर दिया?”
शायद वह भी मुस्करा देंगी
जैसे हर स्त्री करती है
जब उसे पूजा जाता है
उस रूप में,
जिसमें
वह जी भी नहीं सकती।
No comments:
Post a Comment