*देवी का प्रश्न*
मैं उतर आई हूँ
अपने मंदिर से।
भक्तों के बीच नहीं,
मनुष्यों के बीच।
धूप की गंध अब नहीं सुहाती,
क्योंकि वही धूप
मेरी कन्या की देह पर भी जलाई गई थी,
जब उसने प्रश्न पूछे थे।
मैं दुर्गा हूँ
पर क्या सच में हूँ?
या बस एक मूर्ति,
जिसे तुमने बनाया ताकि
स्त्रियाँ दुर्गा बनने का स्वप्न देखें,
पर मनुष्य बनने का साहस न करें?
मैं काली हूँ
पर मेरे क्रोध को
केवल उत्सव बना दिया गया
“नवरात्रि”!
नाचो, गाओ, आरती करो —
पर मत पूछो
कि क्यों आज भी कोई स्त्री
अपने ही घर में पराजित है।
तुमने मुझे देवी कहा,
क्योंकि इससे
तुम्हें डर नहीं लगा।
स्त्री को मनुष्य कह देते
तो धर्म काँप जाता,
ईश्वर को नया नाम देना पड़ता।
तुम्हारे वेदों में मेरा नाम है
पर स्वर नहीं।
तुमने मेरे रूप गिनाए
पर मेरे प्रश्नों को
अपवित्र कह दिया।
कभी तुमने सोचा
कि मैं भी भूखी हूँ?
तुम व्रत रखते हो मेरी कृपा के लिए,
और मैं व्रत रखती हूँ
तुम्हारी संवेदना के लौट आने के लिए।
मैं चाहती थी
कि तुम मुझे पूजो नहीं,
मुझे सुनो।
पर तुम्हें पूजा का व्यसन था,
समझने का नहीं।
तुम्हारी आराधना
अब मुझे भय देती है।
क्योंकि हर आरती में
मैं थोड़ा और मरती हूँ
और हर “जय माता दी” में
मेरी किसी बेटी की चुप्पी गूंजती है।
मैं पूछती हूँ
क्या किसी धर्म ने व्रत रखा है
नारी के अस्तित्व के लिए?
क्या किसी ईश्वर ने
नारी को देखा है
बिना देवी या दासी के रूप में?
अगर उत्तर ‘नहीं’ है
तो सुनो,
अब मैं मंदिर में नहीं लौटूंगी।
मैं वहीं रहूंगी
जहाँ कोई स्त्री
पहली बार बोलेगी
“मैं देवी नहीं, मनुष्य हूँ।”
No comments:
Post a Comment