*द्वार पर – एक अपराधी की पुकार*
बिन कहे
फिर लौट आया हूँ
तुम्हारे द्वार पर।
ना निमंत्रण था,
ना संकेत कोई,
फिर भी हृदय
उलझा रह गया
तुम्हारे पदचिह्नों में।
माना,
मैंने चुपचाप
तोड़ दिए थे कुछ विश्वास,
मिटा डाले थे कुछ उजले रंग
तुम्हारे मन के आकाश से।
पर
क्या प्रेम
सिर्फ निर्दोषों का अधिकार है?
आज
मैं दोषी हूँ
पर समर्पण से भीगा हुआ।
एक अपराधी,
जो दंड नहीं
तुम्हारा मौन चाहता है
अपने अंतिम संस्कार की तरह।
तुम मौन रहो
वही मेरी सज़ा होगी।
तुम दूर रहो
वही मेरी तपस्या होगी।
तुम यदि आँखें मूँद लो
तो यही मेरी मृत्यु होगी।
लेकिन एक बार
एक बार
मुझे
तुम्हारी देहरी पर बैठने दो।
जहाँ आस्था मरती है,
और प्यास जीवित रहती है।
मेरे आँसुओं की नमकभरी भाषा में
बस एक प्रार्थना है
मुझे दंड दो,
लेकिन भुला मत दो।
मैं
तुम्हारे द्वार पर
प्रेम नहीं
दंड माँगने आया हूँ।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment