Tuesday, August 19, 2025

ईत्तू सा इश्क़

*इत्तु-सा इश्क़*

बड़े होने की होड़ में
हमने सीखा 
प्रेम गंभीर होना चाहिए,
ठहराव में ढला,
ज़िम्मेदारियों से भरा।

पर
एक उंगली का पोर
जब "इतना-सा" कहता है,
तो उसमें
सारी कायनात का
विश्वास समाया होता है।

बचपना शायद
वयस्कता की सबसे शुद्ध अवस्था है,
जहाँ सवाल कम,
आश्चर्य अधिक होता है।

जहाँ "कब तक यूँ ही?"
एक उलाहना नहीं,
बल्कि
"बस यूँ ही रहो" का छिपा हुआ रूप है।

कभी-कभी
प्रेम को समझने के लिए
जवानी नहीं,
बस एक बचपन
पूरी ईमानदारी से जीना पड़ता है।

       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...