एक देश की आत्मकथा
तख़्त अब स्वप्न-विलसित मृगतृष्णा है,
कुछ कर-कमल उसे थामे हुए
रेत-राशि में दीप-दीप्ति खोजते भ्रमित पथिक-से।
शेष समाज?
जल-पिपासित जन,
जिनके लिए आशा भी अब
दूर गगन में झिलमिलाता छायाचित्र बन गई।
काल की गहन छाया में
सत्ता उन हाथों में सिमटी
जहाँ न कर्म का श्रम है,
न धर्म का मूलभूत विवेक।
शब्द, जो कभी उठते थे
अन्याय के उर में वज्र समान,
अब मौन की मृदुल मृणाल-रेखा से
बंध गए हैं—
धन की मूर्च्छा में।
सत्य
अब न उद्घोष है,
न ज्वालामुखी,
केवल ग्रंथों की ओट में सोया
एक विस्मृत ऋचावशेष।
पसीना, जो धरती को
हरितिमा देता था,
आज मूल्यहीन
बाजार में बिकती है अब
केवल मुखाकृति की आभा।
वाणी, जो कभी उठती थी
सागर-फेन सी ऊर्जस्विता लिए,
अब मौन के बंधनों में जकड़ी,
तिरस्कार की पीठ पर
अपमान का चिह्न लिए बैठी है।
जन-भीड़
चेतना-शून्य;
धर्म और भय के सम्मोह में रचित
विचारशून्य एक पथभ्रष्ट प्रवाह।
राष्ट्र की निधि,
जो जन का अन्न थी
अब कुछ स्वार्थलुब्ध भुजाओं की ग्रास बनी,
और वही कहलाए
"राष्ट्रभक्त", "श्रेष्ठ", "सिरमौर"।
लोकतंत्र?
अरे वह अब यंत्र मात्र!
ध्वनि करता, गति करता,
पर जिसमें आत्मा नहीं
केवल अभिनय है, और अनुगमन।
जिसने खेत जोता, घर बनाए,
सड़कों पर रक्त बहाया
उसे इतिहास ने दी
बस प्रतिरोध की मुद्रा,
और समाधियों के ऊपर चुप्प रह गई भूमि।
No comments:
Post a Comment