Tuesday, August 19, 2025

तुम्हारी छवि की सुधा

*तुम्हारी छवि की सुधा*

प्यास, केवल जल की आकुलता नहीं होती
वह तो मन की वह अदृश्य क्षुधा है
जो एक स्मृति-स्नात स्पर्श से तृप्त होती है।
मेरे सूने अन्तर में,
तुम्हारे नेत्रों की निर्मम करुणा
कभी-कभी
प्रणय की मधुर सुधा बन कर बरसती है।

मैंने हर्ष की भीख नहीं माँगी जीवन से
ना मांग की धूप में तपाया स्वाभिमान,
मैंने तो केवल
तुम्हारी एक छवि की निस्पन्द उपस्थिति को
अपने हृदय-मंदिर की नवप्राण मूर्ति माना।

और अब तुम कहो
"प्रणय की संध्या समाप्त हुई,
चलना होगा..."
तो क्या श्रद्धा के दीपक
प्रभात के भय से बुझ जाया करते हैं?

कुछ संध्याएँ,
विधि के निष्कंप हस्ताक्षर सी उतरती हैं
जो ना मिटाई जा सकें,
ना दोहराई जा सकें,
केवल एक बार
प्रेम की अनंत तिथियों में दर्ज हो जाती हैं।

तुम मत जाओ, प्रिय
तुम्हारे जाने से
मेरे मानस-सरोवर की
प्रतिबिम्बित तस्वीर बिखर जाएगी,
जिसे मैंने
मौन के चीरहरण से बचाकर
सहेज रखा है वर्षों से।

तुम्हें शायद ज्ञात न हो
पर मेरी हर प्रार्थना
तुम्हारे निर्वचनी मुख-चिह्न पर रुक जाती है,
और लौट आती है
उस अधूरे वाक्य की तरह
जिसे कभी उच्चारित नहीं किया गया।

मैंने तुम्हें पाने की कामना नहीं की
मैं तो बस
एक अक्षर बनना चाहती थी
तुम्हारे किसी मौन गीत का,
जिसे तुम मन ही मन गुनगुनाओ
और कोई सुन न पाए।

यदि यह साथ
कुछ पलों का भ्रम ही सही,
तो भी मत तोड़ो इसे
क्योंकि कुछ भ्रम
जीवन की सबसे सत्य अनुभूति बन जाते हैं।

          -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...