Monday, July 14, 2025

भाषा की अंतिम गूँज

*भाषा की अंतिम गूंज*

तुम वह शब्द हो
जो भाषा से गिर गया था,
और मौन की जड़ में उग आया।

मैंने तुम्हें व्याकरण में नहीं,
अपने अधूरे वाक्यों के विराम में पाया 
जहाँ अभिव्यक्ति नहीं पहुँचती,
वहीं से तुम बोलती हो।

तुम उच्चारण नहीं,
एक अनुचिंतन हो 
जिसे समझने के लिए
भूलना पड़ता है हर ज्ञात भाषा।

जब भी मैं लिखता हूँ,
कलम के पहले कंपन में
तुम उतर आती हो 
मैं हर बार प्रारंभ काट देता हूँ,
क्योंकि शुरुआत में
तुम्हारा होना
कविता को निजी नहीं रहने देता।

तुम वह रिक्ति हो
जहाँ शब्द जन्म से पहले ठहरते हैं 
एक ऐसा शून्य,
जो अर्थ से अधिक सार रखता है।

मैंने तुम्हें भुला दिया है 
जैसे नदी अपना स्रोत भूल जाती है,
पर समुद्र की हर लहर
अब भी तुम्हारा नाम जपती है।

क्या तुम शब्दों से परे कोई प्रार्थना हो,
या वही प्रार्थना,
जिसे भाषा कभी कह नहीं पाई?

      -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'


No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...