1-तट की चुप्पी
ज्वार आता है
जैसे कोई स्मृति लौटती है अचानक
भीतर की रेत को बहा ले जाती है।
किनारे वही रहते हैं,
पर उनके अर्थ बदल जाते हैं।
समुद्र अपनी बाहें फैलाता है
हर बार कुछ और छीन लेता है
शब्द, छवियाँ, स्पर्श...
जिन्हें हम 'स्थिर' समझ बैठे थे।
तट
जो प्रतीत होते हैं अचल,
दरअसल वे जल की भाषा में जीते हैं
हर लहर में वे कुछ छोड़ते हैं,
कुछ सहते हैं,
और फिर भी कुछ नहीं कहते।
वे चट्टानें नहीं,
जो केवल टूटती हैं
वे स्मृतियों की परतें हैं
जो हर बार भीग कर
और भारी हो जाती हैं।
प्रवाह की गति में
जो रुका हुआ दिखे,
वह सबसे अधिक प्रवाह में होता है।
किनारे भी बहते हैं
दृष्टि से नहीं,
अर्थ से।
वे बदलते हैं,
अपने मौन में
जैसे एक ऋषि,
जो बोलता नहीं,
फिर भी अनुगूँजता है काल में।
२. ज्वार की आत्मकथा
मैं लौटता हूँ
हर बार एक नई पीड़ा लेकर,
जैसे भूली नहीं गई कोई बात
फिर से खुद को कहने आ गई हो।
मैं लहर नहीं,
उस लहर में पिघला हुआ प्रश्न हूँ
"क्या सब कुछ फिर से बह सकता है?"
मैं थकता नहीं,
क्योंकि मुझे स्थिरता की लालसा नहीं।
मैं वहीं जाता हूँ
जहाँ मुझे पहले ठुकराया गया था।
हर बार तट मुझसे कुछ कहता है,
और हर बार मैं उसे धोकर
चुप कर देता हूँ।
मैं लौटता हूँ
जैसे इच्छा लौटती है ध्यान के क्षणों में,
जैसे भूख लौटती है व्रत के अंत में,
जैसे प्रेम लौटता है मृत्यु से डरकर।
मेरे पास दिशा नहीं है
केवल पुनरागमन है।
3-चेतना का चंद्रमा
जब सब कुछ बह जाता है,
जब तट भी मौन हो जाते हैं,
तब मैं उगता हूँ
तुम्हारे भीतर के आकाश में।
मैं चंद्रमा नहीं,
मैं तुम्हारी चेतना का दर्पण हूँ
शांत, धवल,
पर अधूरेपन से भरा।
मैं पूर्णिमा भी हूँ,
जो तुम्हारी संभावना दिखाती है,
और अमावस्या भी,
जहाँ तुम खुद को टटोलते हो
अंधकार में।
मेरी रोशनी चुभती नहीं,
वह टटोलती है
उस रेखा को
जहाँ ज्वार की स्मृति
तट की शांति से टकराती है।
मैं साक्षी हूँ
न भंग करता हूँ,
न बहाता हूँ।
मैं वह आँख हूँ
जिसमें तुम अपने बदलते रूप को
पहली बार देख पाते हो।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:
Post a Comment