Tuesday, July 15, 2025

कोयलें चुप रहीं

 

कोयलें चुप रहीं

कोयलों ने कभी शोर नहीं मचाया,
वे गाती थीं 
जैसे कोई प्रार्थना उतरती हो पत्तों पर।

हर तान में
एक गूंज थी आत्मा की,
हर विराम में
एक मौन था सदीयों का।

लेकिन फिर आए कौवे 
भीड़ में, झुंड में,
कांव-कांव करते,
जैसे उन्होंने ही तय किया हो कि
अब से सुर का मतलब सिर्फ़ आवाज़ है।

कोयलें चुप रहीं।
ना जवाब में गाया, ना विरोध में फड़फड़ाईं।
बस उठीं,
और उड़ गईं किसी और दिशा में 
जहाँ अभी भी कोई कान,
सुनने के लिए बचा हो।

जो छूटा,
वो केवल कोयल नहीं थी,
बल्कि एक पूरी भाषा थी
जो संगीत की तरह बहती थी,
और अब शोर में डूब गई।

अब वहाँ सिर्फ़ कांव-कांव है 
जिन्हें कोई रोकता नहीं,
क्योंकि रोकने वाले
या तो खुद कौवे हो गए हैं,
या चुप बैठने में ही समझदारी मानते हैं।

                -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'




No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...