Friday, June 6, 2025

मखमली सी धूप में

फूल खुशबू रंग शबनम है चमन के रूप में
चल नजर भर देख आये मखमली सी धूप में।

पीढ़ियों से प्यास का साक्षी रहा है जो यहां
वीरान खाली है पड़ा, पानी नही है कूप में।

प्राचीन स्मृतियों पर आड़ी तिरछी रेखाएं खींच
प्रेमी प्रेमिकाओं के नाम अब लिखे हैं स्तूप में।

दीदार को प्रतिदिन हजारों लोग आते हैं नजर
न जाने किसको क्या मिले कौन से स्वरूप में।

सुंदरता देखने वालों की नज़र में होती है जो
तो क्यों नही देखता कोई कभी इस कुरूप में।

विश्वास कर लेता सभी पे इसलिए मारा गया
और कोई कमी नही थी उस राज्य के भूप में।

कैसे तुम्हारी याद के मोती पलक में आ गए
जबकि बंद रखा है कब से मन के संदूक में।

राजहंस उम्मीदों वाले अन्तःसरोवर के वासी
क्यों नजर आते नही नैनो के रूप अनूप में।

           -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...