Tuesday, October 20, 2026

पिंजरा

 

पिंजरे खुले थे,

पर पंख मुड़े रहे

आकाश ने पुकारा,

चिड़ियाँ दाने चुनती रहीं

एक पेड़ कटता रहा,

वन में सन्नाटा था

कुल्हाड़ी के वार पर

हर पत्ता सहमति में हिला

दीवारों पर लिखे थे

मुक्ति के मंत्र,

नींव में दबी थीं

गुलामी की जड़ें

हमने बेड़ियाँ तोड़ीं,

चाबियाँ सँभाल लीं

दरवाज़े खुल गए,

पर देहरी नहीं लाँघी

अब हर अन्याय पर

एक पर्दा गिरता है

राजमहल मुस्कराता है,

और मौन सिर हिलाता है

 

सोचता हूँ

इतने बरस गुलाम क्यों रहे हम?

शायद जंजीरें

लोहे की नहीं थीं,

शायद हमें

उनका नाम तक मालूम न था

आज भी

आज़ादी का सूरज उगता है,

पर हर आँख में

अपना-अपना पिंजरा है।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...