ईश्वर के घर में
दो मनुष्य
एक-दूसरे से लिपटे थे
शायद वे
अपनी सारी यात्राओं का अर्थ
एक आलिंगन में पा गए थे
मगर किसी की आँख में
एक कैमरा उगा,
और प्रेम
अचानक सबूत बन गया
फिर धर्म की मेज़ पर
एक मुक़दमा खुला
कटघरे में दो होंठ थे,
गवाहों में ख़ामोशी,
और फ़ैसले की स्याही में
डूबा हुआ इंसान
कितना पवित्र था वह समय
जब दो आँखों से
एक साथ आँसू गिरे थे
कितना अपवित्र हुआ वह क्षण
जब उन आँसुओं को
मिटाने के लिए
दो जीवन मिटा दिए गए।
अब एक बच्ची है
उसकी दुनिया में
दो दरवाज़े हमेशा के लिए बंद हैं
वह किससे पूछेगी
कि माँ की गोद
किस धर्म में मिलती है,
पिता की उँगली पकड़कर चलना
किस क़ानून में लिखा है?
उसके लिए ईश्वर
अब शायद एक ऐसा घर है
जिसकी छत तो है,
मगर माँ की आवाज़ नहीं
और उधर
धर्म की मीनारें खड़ी हैं,
न्याय के दरवाज़े बंद हैं,
मनुष्यता सिर झुकाए
अपने ही ख़ून के सामने खड़ी है
अजीब है यह दुनिया
यहाँ पत्थरों को
पवित्र रखने के लिए
मनुष्य तोड़े जाते हैं
यहाँ प्रेम की हत्या के बाद
हत्यारे हाथ नहीं धोते,
अपने हाथों को
पवित्र घोषित कर देते हैं
और सत्ता
वह हर बार की तरह
अपने चेहरे पर
ईश्वर का चेहरा लगाकर
निर्दोष सो जाती है।
सुबह होगी
अज़ान भी होगी
घंटियाँ भी बजेंगी
प्रार्थनाओं में
दया के शब्द भी दोहराए जाएँगे
बस, उस बच्ची के लिए
कोई प्रार्थना
उसके माँ-बाप को
जीवित नहीं कर पाएगी
क्योंकि कुछ हत्याएँ
सिर्फ़ दो मनुष्यों को नहीं मारतीं
वे एक बच्चे के भीतर
पूरी दुनिया को
अनाथ कर जाती हैं
और इतिहास
जब कभी धर्म से पूछेगा
कि तुम्हारी पवित्रता की क़ीमत क्या थी,
तो शायद
उसके पन्नों से
एक बच्ची की आवाज़ आएगी
मेरे माँ-बाप।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment