न दुआओं से सुबह होती,
न बद्दुआओं से रात ढलती है।
समय अपनी चाल चलता है,
नदी अपने पथ पर बहती है।
हम शब्दों के दीप जलाकर
मन को थोड़ी देर बहलाते हैं,
आकाश पर इच्छाओं की रेखाएँ खींच
उन्हें भाग्य बताते हैं।
पर सत्य इतना भर है
न कोई वरदान उतरता है,
न कोई अभिशाप ठहरता है।
जो घटता है,
वह कारणों की लंबी यात्रा से घटता है।
दुआ और बद्दुआ अक्सर
मन की कल्पना के वस्त्र हैं,
जिन्हें ओढ़कर मनुष्य
अपने भय और आशाओं को
क्षण भर का विश्राम देता है।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment